दुद्धी (सोनभद्र)।(विवेक सिंह) आगामी श्रावण मास व त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से मनाने के उद्देश्य से पुरानी कोतवाली (महिला थाना) में पीस कमेटी की बैठक प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में दोनों संप्रदायों के प्रतिनिधियों ने सहयोग का आश्वासन दिया और शांति बनाए रखने हेतु कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में निर्णय एवं मुख्य बातों में “श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रा, मंदिरों में नित्य सोमवार अभिषेक-पूजन, पूर्णिमा के विशेष पूजन व नाग पंचमी पर रामलीला मैदान में दंगल-कुश्ती सहित भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस पर जुलूस व सम्मेलन, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर प्रभात फेरी तथा विद्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम कराए जाएंगे । रक्षाबंधन के दौरान बाजारों में भीड़-भाड़ को देखते हुए विशेष मॉनीटरिंग और सुरक्षा प्रबंध किए जाएंगे।इसके अलावा
25-26 अगस्त के संभावित चांद दिखने के बाद बारावफात जुलूस की संभावित स्थिति को लेकर भी पूर्व तैयारियाँ चर्चा में रहीं।
मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, जय बजरंग अखाड़ा समिति अध्यक्ष पंकज जायसवाल, श्री रामलीला कमेटी अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रहरि, नाट्यमंडली मैनेजर कमलेश कुमार कमल, महामंत्री सुरेंद्र कुमार गुप्ता, फतेह मोहम्मद खान, सेराज अहमद, कलीमुल्ला खान सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे। दोनों संप्रदायों के धर्मालंबियों ने अपने-अपने कार्यक्रमों की जानकारी व सुरक्षा संबंधी आवश्यकताएं थाना को बताईं।
प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि आयोजनस्थलों पर शांति बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरन्त थाने को दी जाए। भवन मालिकों को सुझाव दिया गया कि वे बाहरी लोगों को मकान किराए पर देने से पहले किरायेदारों की सूची व पहचान-पत्र थाना में उपलब्ध कराएँ ताकि संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी जा सके और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
प्रभारी निरीक्षक ने आश्वासन दिया कि पुलिस प्रशासन व पीस कमेटी मिलकर त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पूरी तत्परता दिखाएंगे और आवश्यक सुरक्षा व व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जाएँगी।