लोधी नगर चौराहे से कस्बे की ओर जाने वाले मार्ग पर चलाया अभियान, गोवंश को सुरक्षित गौशाला भेजा
फतेहगंज पश्चिमी। पवित्र श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को देखते हुए नगर पंचायत फतेहगंज पश्चिमी ने शिव भक्तों की सुरक्षा को लेकर अभियान तेज कर दिया है। कांवड़ मार्ग पर दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए नगर पंचायत की टीम ने लोधी नगर चौराहे से कस्बे की ओर आने वाले मार्ग पर घूम रहे आवारा गोवंश को पकड़कर सुरक्षित गौशाला भिजवाया।
कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में शिव भक्त पैदल और वाहनों से इस मार्ग से गुजरते हैं। ऐसे में सड़क पर घूमने वाले आवारा गोवंश के कारण हादसे की आशंका बनी रहती है। नगर पंचायत की कार्रवाई से कांवड़ यात्रियों के साथ ही राहगीरों और स्थानीय लोगों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि हारून चौधरी और अधिशासी अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि श्रावण मास में कांवड़ यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अभियान चलाकर मार्ग पर घूम रहे गोवंश को गौशाला भेजा गया है। उन्होंने कहा कि आवारा गोवंश को हटाने का अभियान लगातार जारी रहेगा और शेष गोवंश को भी पकड़कर सुरक्षित गौशाला पहुंचाया जाएगा। नगर पंचायत प्रशासन की ओर से कांवड़ मार्गों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी अन्य इंतजामों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रावण मास में शिव भक्तों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और कांवड़ मार्ग सुरक्षित बना रहे।
प्रवन पाण्डेय
इंडियन टीवी न्यूज़
जिला संवाददाता बरेली