बारिपदा: युवा कांग्रेस की ओर से बुधवार को उपखंड चिकित्सालय के ब्लड बैंक परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर रायरंगपुर नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष पद के कांग्रेस प्रत्याशी एवं युवा नेता भजहरी महांति के नेतृत्व में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का उद्घाटन कांग्रेस के पूर्व विधायक श्याम चरण हांसदा ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे जरूरतमंद लोगों को नया जीवन मिलता है।
उपखंड चिकित्सालय के ब्लड बैंक में इन दिनों रक्त की कमी बनी हुई है। विशेष रूप से थैलेसीमिया, सिकल सेल, दुर्घटना के शिकार मरीजों, बुजुर्गों तथा प्रसूता महिलाओं को रक्त की आवश्यकता पड़ रही है। इसी को देखते हुए युवा कांग्रेस की ओर से इस रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में कुल 22 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। इस अवसर पर वरिष्ठ रक्तदाता गतिकृष्ण महांति, रक्तदाता एवं पत्रकार तुषारकांत महांति, पत्रकार अक्षय बिश्वाल तथा रायरंगपुर महिला महाविद्यालय के अंग्रेजी विभाग के प्राध्यापक विजय राम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
उपखंड चिकित्सालय के ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. सुदीव्य लोचन सिंह तथा कर्मचारी देवव्रत गिरी, चिरंजीवी महांति, सुमंत गिरी, गुगुलु मुर्मू और सुजाता स्वाईं ने रक्त संग्रह कार्य में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
रिपोर्ट: हिमांशु शेखर प्रहराज, मयूरभंज।