यमुनानगर। देशभक्ति, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी एवं अमांश वेल्फेयर सोसाइटी द्वारा विद्यार्थियों के बीच जागरूकता कार्यक्रमों की सुंदर पहल की गई।
चार और पांच अगस्त को राजकीय माध्यमिक विद्यालय रटोली, बाल भवन पब्लिक स्कूल कांसापुर रोड तथा मिनर्वा स्कूल में तीन प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रमों में विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन, पोस्टर मेकिंग और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए, जबकि सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र, रंगों की किट और बैज देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
अमांश वेल्फेयर सोसाइटी की संस्थापक श्रीमती अमरजीत कौर संधू तथा बाल भवन स्कूल की प्रिंसीपल श्रीमती सर्वेश्वरी चमोला ने बच्चों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया और उन्हें शिक्षा, स्वच्छता तथा राष्ट्रप्रेम के प्रति जागरूक किया।
वहीं नगर निगम की टीम ने बच्चों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, स्वच्छता अपनाने और अपने शहर यमुनानगर को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर चीफ सैनटरी इंस्पेक्टर गोविंद सौनक, सोशल मीडिया इंचार्ज मुक्ता, चीफ सैनटरी इंस्पेक्टर सरदार हरजीत सिंह, सहायक सैनटरी इंस्पेक्टर सतीश तथा एसबीएम की ओर से आकाश ने बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
अमांश वेल्फेयर सोसाइटी की ओर से रोहित, लक्ष्मी और राजकुमार ने भी बच्चों को पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति प्रेरित किया।
कार्यक्रम की सफलता में राजकीय माध्यमिक विद्यालय रटोली की प्रधानाचार्या श्रीमती धनवंती एवं समस्त विद्यालय स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पत्रकार संदीप गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर पौधारोपण भी किया गया। पौधारोपण के माध्यम से बच्चों और समाज को पर्यावरण संरक्षण का एक सुंदर एवं प्रेरणादायक संदेश दिया गया।
इन कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बच्चों के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जिम्मेदारी और देशभक्ति का संदेश घर-घर पहुंचाना रहा।
नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी एवं अमांश वेल्फेयर सोसाइटी की यह संयुक्त पहल निश्चित रूप से नई पीढ़ी को जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।
यमुना नगर से ब्यूरो चीफ संदीप गाँधी की रिपोर्ट