फतेहगंज पश्चिमी। राजकीय इंटर कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए पिछले कई वर्षों से परेशानी का सबब बने कीचड़ और दलदल भरे संपर्क मार्ग की समस्या का नगर पंचायत ने संज्ञान लेते हुए अस्थाई समाधान करा दिया है। चेयरमैन प्रतिनिधि हारून चौधरी नगर पंचायत टीम के साथ मौके पर पहुंचकर दलदल वाले गड्ढों में मलवा डलवाकर रास्ते को आवागमन के योग्य कराया, जिससे कॉलेज आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को राहत मिली है। फतेहगंज पश्चिमी-चिटौली मार्ग से राजकीय इंटर कॉलेज तक जाने वाला संपर्क मार्ग पिछले काफी समय से बदहाल था। बारिश के बाद मार्ग पर जगह-जगह पानी और कीचड़ जमा होने से विद्यार्थियों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी। कई छात्र-छात्राएं फिसलकर गिर भी चुके थे। धारा लक्ष्य समाचार रिपोर्टर प्रवन पाण्डेय द्वारा छात्र-छात्राओं की इस समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद नगर पंचायत ने मामले को गंभीरता से लिया। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि हारून चौधरी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और कर्मचारियों को तत्काल दलदल वाले गड्ढों को ठीक करने के निर्देश दिए। इसके बाद नगर पंचायत की ओर से मौके पर मलवा डलवाकर रास्ते को दुरुस्त कराया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि हारून चौधरी ने कहा कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और आवागमन में सुविधा नगर पंचायत की प्राथमिकता है। मार्ग पर जहां भी अधिक समस्या थी, वहां तत्काल मलवा डलवाकर रास्ते को ठीक कराया गया है। आगे भी आवश्यकता के अनुसार मार्ग को और बेहतर कराने के लिए संबंधित अधिकारियों से समन्वय किया जाएगा, ताकि विद्यालय आने-जाने वाले विद्यार्थियों और शिक्षकों को परेशानी न हो। नगर पंचायत की इस कार्रवाई से कॉलेज के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों ने राहत की सांस ली है। अब लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही संपर्क मार्ग का स्थायी समाधान भी कराया जाएगा।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली