ओंकारेश्वर से नर्मदा जल लेकर 145 किमी पदयात्रा कर करेंगे बाबा महाकाल का जलाभिषेक
फतेहगंज पश्चिमी। सावन माह में भगवान महाकाल के जलाभिषेक के लिए बुधवार को कस्बे से 250 कांवड़ियों का दूसरा जत्था उज्जैन के लिए रवाना हुआ। जत्थे की अगुवाई महंत हरदेव गंगवार और बनवारी लाल कर रहे हैं। रवाना होने से पहले स्थानीय लोगों ने कांवड़ियों का फूल-मालाओं से स्वागत कर मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। समाजसेवी रमन जायसवाल ने सभी कांवड़ियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।कांवड़ियों का जत्था बरेली रेलवे स्टेशन से ट्रेन द्वारा मध्य प्रदेश के लिए रवाना हुआ। क्षेत्रीय विधायक प्रतिनिधि संजय चौहान ने स्टेशन पहुंचकर कांवड़ियों का स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान स्टेशन परिसर हर-हर महादेव और जय श्री महाकाल के जयकारों से गूंज उठा। महंत हरदेव गंगवार ने बताया कि बृहस्पतिवार को जत्था ओंकारेश्वर पहुंचेगा। शुक्रवार को नर्मदा नदी से जल भरने के बाद कांवड़िये करीब 145 किलोमीटर की पांच दिवसीय पदयात्रा कर उज्जैन पहुंचेंगे। वहां बाबा महाकाल का नर्मदा जल से जलाभिषेक किया जाएगा। इस धार्मिक यात्रा में क्षेत्र के ग्रामीणों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हैं। इस अवसर पर हरदेव गंगवार, बनवारी लाल, खेमपाल गंगवार, मुदित प्रताप सिंह, सौरभ शर्मा, शिवम श्री वास्तव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। यात्रा को लेकर क्षेत्र में श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली