रायरंगपुर। मयूरभंज सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक (एमसीसीबी) लिमिटेड की बहलदा शाखा में लगभग 64.42 लाख रुपये के वित्तीय गबन और सरकारी धन के दुरुपयोग के मामले में ओडिशा विजिलेंस ने बैंक के दो पूर्व कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाखा के पूर्व प्रबंधक दिचेन कुमार मिश्रा और पूर्व क्लर्क मलय कुमार दत्ता के रूप में हुई है। दोनों को गुरुवार को बारिपदा स्थित विशेष विजिलेंस अदालत में पेश किया गया।
विजिलेंस के अनुसार, वर्ष 2019 से 2024 के बीच आरोपियों ने बैंक के अन्य कर्मचारियों के साथ मिलकर 29 ग्राहकों की असली फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) के आधार पर उनकी जानकारी और सहमति के बिना फर्जी ‘लोन अगेंस्ट टर्म डिपॉजिट’ खाते खोल दिए। फर्जी दस्तावेज तैयार कर इन खातों से कुल 64,42,074 रुपये की राशि निकालकर निजी कार्यों में उपयोग की गई।
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने मामले की जांच शुरू की। 5 अगस्त को बालेश्वर विजिलेंस थाने में मामला दर्ज किया गया। आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधित) अधिनियम, 2018 की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(a) तथा भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 409 और 120-बी के तहत केस दर्ज किया गया है।
बालेश्वर विजिलेंस के पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार नायक ने बताया कि बैंक के तत्कालीन अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्राहकों की जानकारी के बिना उनके नाम पर ऋण स्वीकृत कर लगभग 64 लाख रुपये अपने खातों में स्थानांतरित कर लिए थे। मामले की जांच जारी है तथा इसमें शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट: हिमांशु शेखर प्रहराज, रायरंगपुर।