मयूरभंज जिले के मोरड़ा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नवगठित एनएसी चित्रड़ा में लगातार बारिश के कारण एक चिंताजनक स्थिति देखने को मिली। बारिपदा को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर तेज जलप्रवाह होने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। इसका सबसे गंभीर असर आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ा, जहां मरीज को लेने जा रही 108/102 एंबुलेंस पानी के तेज बहाव के कारण आगे नहीं बढ़ सकी और वापस लौटना पड़ा।
सड़क पर जलभराव और तेज बहाव के कारण सैकड़ों छात्र-छात्राएं भी स्कूल और कॉलेज नहीं पहुंच सके। खतरे को देखते हुए वे बीच रास्ते से ही अपने घर लौट गए। वहीं बारिपदा–चित्रड़ा मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप होने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। हर वर्ष बारिश के मौसम में इस सड़क पर इसी तरह की स्थिति उत्पन्न होती है। क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि इस मार्ग से जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी नियमित रूप से गुजरते हैं, लेकिन स्थायी समाधान के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
एक स्थानीय निवासी ने कहा, “यह केवल यातायात की समस्या नहीं, बल्कि जीवन और मृत्यु का सवाल है। यदि एंबुलेंस समय पर मरीज तक नहीं पहुंच पाती और किसी की जान चली जाती है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी?”
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल सड़क पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने, संवेदनशील स्थानों पर पुल या कलवर्ट का निर्माण कराने तथा केवल आश्वासन देने के बजाय जमीन पर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है।
रिपोर्ट: हिमांशु शेखर प्रहराज, मयूरभंज।