बारिपदा, 7 अगस्त। मयूरभंज के अग्रणी आध्यात्मिक संगठन गीतावाणी प्रचार संघ के तत्वावधान में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के उपलक्ष्य में श्रीमद्भगवद्गीता आवृत्ति (पाठ) प्रतियोगिता का आयोजन स्थानीय महारानी प्रेमकुमारी सरकारी बालिका उच्च विद्यालय के सभागार में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. पार्थ सारथी जेना ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रसिद्ध आध्यात्मिक प्रवचनकर्ता भागवत पंडा ने श्रीमद्भगवद्गीता के अध्ययन एवं पाठ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गीता मानव जीवन का सर्वोत्तम मार्गदर्शक ग्रंथ है, जो व्यक्ति को एक आदर्श एवं श्रेष्ठ इंसान बनने की प्रेरणा देता है। इसके बाद उन्होंने प्रतियोगिता के नियमों की जानकारी प्रतिभागियों को दी।
वरिष्ठ वर्ग में स्वामी विवेकानंद शिक्षाश्रम की कक्षा 11 की छात्रा अंजलिका दास ने प्रथम, महाराजा पूर्णचंद्र उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्रा हरिप्रिया महार्था ने द्वितीय तथा बीसीसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की छात्रा गीतांजलि धर महापात्र ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कनिष्ठ वर्ग में साई आदर्श विद्यामंदिर की कक्षा 9 की छात्रा तेजसिनी बेहरा प्रथम, महारानी प्रेमकुमारी सरकारी बालिका उच्च विद्यालय की छात्रा नंदिनी कर्मकार द्वितीय तथा शुभश्री आवासीय विद्यालय की छात्रा स्नेहाशिनी बेहरा तृतीय स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता का मूल्यांकन डॉ. पार्थ सारथी जेना एवं सेवानिवृत्त संस्कृत शिक्षक संकर्षण त्रिपाठी ने निर्णायक के रूप में किया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को संघ की ओर से सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
संघ की ओर से बताया गया कि विजेता प्रतिभागियों को आगामी 15 अगस्त को शाम 6 बजे शहीद स्मृति भवन में आयोजित जिला स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह में सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में संघ के सचिव भागवत पंडा ने सभी अतिथियों, निर्णायकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
— हिमांशु शेखर प्रहराज, मयूरभंज।