बारीपदा, 8 अगस्त 2026: ओडिशा कबड्डी एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित होने वाली 52वीं जूनियर राज्य स्तरीय कबड्डी चैंपियनशिप के लिए मयूरभंज जिले की पुरुष एवं महिला टीम का चयन आगामी 11 अगस्त को किया जाएगा। यह जानकारी मयूरभंज एथलेटिक एसोसिएशन के महासचिव विजय कुमार दास ने दी।
उन्होंने बताया कि इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित तिथि को डिजिटल जन्म प्रमाण पत्र एवं आधार कार्ड के साथ बारीपदा स्टेडियम कार्यालय में पहुंचकर अपना नाम पंजीकृत करा सकते हैं।
चैंपियनशिप में वही खिलाड़ी भाग ले सकेंगे, जिनका जन्म 2 नवंबर 2006 के बाद हुआ है। इसके अलावा पुरुष वर्ग के खिलाड़ियों का वजन 75 किलोग्राम से कम तथा महिला वर्ग की खिलाड़ियों का वजन 65 किलोग्राम से कम होना आवश्यक है।
मयूरभंज के खिलाड़ियों से निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर चयन प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की गई है।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज की रिपोर्ट।