टोडरपुर। थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव के पास शनिवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब यात्रियों से भरी रोडवेज बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा उतरी। बस के खाई में जाते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हालांकि गनीमत रही कि हादसे में किसी यात्री की जान नहीं गई।
प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के मुताबिक बस काफी तेज रफ्तार में चल रही थी। इसी दौरान चालक ने आगे निकलने के लिए ओवरटेक करने का प्रयास किया, लेकिन अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से नीचे उतरकर खाई में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यात्रियों का आरोप है कि बस की रफ्तार काफी अधिक थी। महिला परिचालक द्वारा चालक को कई बार गति कम करने के लिए कहा गया, लेकिन इसके बावजूद बस तेज रफ्तार से दौड़ती रही।
वहीं चालक ने यात्रियों के आरोपों से अलग हादसे की वजह बताते हुए कहा कि सामने अचानक बुलेट मोटरसाइकिल आ गई थी। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर खाई में चली गई।
हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। फिलहाल हादसे में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। घटना के बाद बस की हालत देखकर यात्रियों और ग्रामीणों ने इसे बड़ा हादसा टलना बताया।
तरंग गुप्ता जिला संवाददाता
ITN NEWS HARDOI