किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
कोरिया/महासमुंद। छत्तीसगढ़ के दो अलग-अलग जिलों में हुई घटनाओं में एक युवती की मौत और बांध में डूबने से एक युवक की जान चली गई। कोरिया जिले के चरचा कॉलरी क्षेत्र में 21 वर्षीय युवती का शव उसके घर से मिला, जबकि महासमुंद के मुडमार बांध में नहाने के दौरान 35 वर्षीय युवक डूब गया। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
चरचा में घर से मिला 21 वर्षीय युवती का शव
कोरिया जिले के चरचा कॉलरी इलाके में 21 वर्षीय युवती की लाश उसके घर से मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक युवती ने कथित तौर पर आत्मघाती कदम उठाया है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की है और सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के समय और वास्तविक कारण को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
मुडमार बांध में नहाने के दौरान युवक डूबा
दूसरी घटना महासमुंद जिले के मुडमार बांध की है। यहां दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे प्रणय गुर्वेकर (35) की नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। प्रणय महासमुंद शहर के वार्ड नंबर 26, क्लब पारा का निवासी बताया गया है।
जानकारी के मुताबिक पांच दोस्त मुडमार बांध घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान प्रणय ने बांध में नहाने की बात कही और दोस्तों के मना करने से पहले ही पानी में उतर गया। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की टीम को बुलाया गया। काफी प्रयास के बाद गोताखोरों ने प्रणय का शव पानी से बाहर निकाला।
महासमुंद के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार नायक ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश कराई गई। शव बरामद होने के बाद मामले में मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बरसात में बांध और जलाशयों में सावधानी जरूरी
मुडमार बांध की घटना एक बार फिर यह चेतावनी देती है कि बारिश के मौसम में बांध, जलाशय और नदी-नालों में पानी की गहराई और बहाव का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है। ऐसे स्थानों पर नहाने या पानी में उतरने से बचना ही सुरक्षित है।