दुद्धी (सोनभद्र)।(विवेक सिंह)दुद्धी तहसील के महुली स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय का बृहस्पतिवार को मजिस्ट्रेट ने निरीक्षण किया। निरीक्षण में विद्यालय की कई व्यवस्थाओं में खामियां उजागर हुईं, जिससे स्थानीय लोगों और अभिभावकों में चिंता पैदा हो गई है।
निरीक्षण में विद्यालय के शौचालय में साफ-सफाई की कमी पाई गई। कुछ कक्षाओं के पंखे बंद मिले और कक्षा में लगा लाइन वाला बोर्ड टूटा हुआ था। बच्चों के पेयजल स्थल पर भी स्वच्छता का अभाव दिखा और वहां पानी की टोटी भी नहीं लगी थी।
स्मार्ट क्लास की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। बताया गया कि जिसे स्मार्ट क्लास बताया जा रहा है, उससे बच्चों को अपेक्षित शैक्षिक लाभ नहीं मिल रहा है। तकनीकी और शिक्षण सामग्री की उपस्थिति तथा उनका उपयोग भी अनियमित पाया गया।
निरीक्षण के बाद क्षेत्रवासियों और अभिभावकों की निगाह इस बात पर टिकी है कि मजिस्ट्रेट किन कदमों को लागू करते हैं और संबंधित अधिकारियों द्वारा इन कमियों को दूर करने के लिए क्या कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा है कि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, स्वच्छ शौचालय, सुरक्षित कक्षाएं और पर्याप्त पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। जांच रिपोर्ट के बाद जिम्मेदार विभागों से कार्रवाइयों की उम्मीद जताई जा रही है।