छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
रायपुर। राजधानी रायपुर में रविवार देर रात डीडी नगर थाना क्षेत्र में चाकूबाजी की दो अलग-अलग वारदातों ने सनसनी फैला दी। दोनों घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।
रायपुरा चौक पर विवाद के बाद खूनी संघर्ष
पहली घटना रायपुरा चौक स्थित सुमीत बाजार के सामने आधी रात के करीब हुई। यहां किसी बात को लेकर टिकेंद्र देवांगन और कैलाश निषाद के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर टिकेंद्र ने कैलाश पर चाकू से हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि इसके बाद कैलाश ने टिकेंद्र से चाकू छीन लिया और उसी हथियार से उस पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल टिकेंद्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
चंगोराभाठा में दूसरी वारदात
इसी थाना क्षेत्र के चंगोराभाठा इलाके में भी रविवार देर रात चाकूबाजी की दूसरी घटना सामने आई। यहां रंजिश के चलते हुए विवाद में भोला विश्वकर्मा पर चाकू से हमला किए जाने की जानकारी सामने आई है। हमले में गंभीर रूप से घायल भोला की मौत हो गई, जबकि घटना में एक अन्य युवक के घायल होने की सूचना है।
पुलिस ने शुरू की जांच
एक ही थाना क्षेत्र में देर रात चाकूबाजी की दो घटनाओं में दो युवकों की मौत के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। पुलिस दोनों मामलों में घटनास्थल की जांच करने के साथ आरोपियों और घटनाओं के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है।
डीडी नगर थाना क्षेत्र में एक ही रात हुई दो खूनी वारदातों ने राजधानी में कानून-व्यवस्था और बढ़ते चाकूबाजी के मामलों पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।