बारीपदा: द्वितीय श्रीक्षेत्र के रूप में प्रसिद्ध बारीपदा स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में निखिल उत्कल पाटरा सेवक, बारीपदा शाखा की ओर से पारंपरिक एवं भक्तिमय ‘राखी सेवा’ कार्यक्रम भव्य समारोह के साथ आयोजित किया गया।द्वितीय श्रीक्षेत्र की सदियों पुरानी परंपरा के अनुसार पाटरा विषोई सेवकों द्वारा अपने हाथों से तैयार की गई पाटराखी और गुआमाला भगवान श्रीजगन्नाथ को अर्पित की जाती है। इसी भावपूर्ण सेवा परंपरा को कायम रखते हुए बारीपदा के सैकड़ों पाटरा और पाटराणी श्रद्धालु एकत्रित हुए और भव्य शोभायात्रा के साथ नाम संकीर्तन करते हुए बड़दांड की परिक्रमा कर श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचे।मंदिर परिसर में पाटरा सेवकों द्वारा चतुर्धामूर्ति के लिए श्रद्धापूर्वक तैयार किए गए खंडुआ पट्टवस्त्र, पाटराखी और गुआमाला पूजकों को समर्पित किए गए। इसके साथ ही सेवा में नियोजित पूजकों को नए वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।पाटरा गोसाईं के हरिनाम संकीर्तन और महिलाओं की हुलहुली ध्वनि से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। इसके बाद निर्धारित रीति-नीति के अनुसार महाप्रभु श्रीजगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा को पाटवस्त्र एवं राखी अर्पित की गई।कार्यक्रम में शामिल श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया और ‘जय जगन्नाथ, जय बलभद्र, जय मां सुभद्रा’ के जयघोष के साथ भगवान को भावपूर्ण नमन किया।पूरे कार्यक्रम का संचालन बारीपदा शाखा के अध्यक्ष अमिताभ साहू, सचिव प्रकाश साहू, सलाहकार पद्मनाभ पृष्टि, सुभाष साहू, वीरेंद्रनाथ साहू, प्रभास साहू, प्रदीप पृष्टि, अरुण साहू, विजय साहू, रवींद्र पृष्टि, रवींद्र साहू, वीरबर महांती, उमाशंकर साहू, मनोज सेंड, गगन साहू, ब्रह्मानंद साहू, दुर्गाशंकर पृष्टि, रंजीत साहू, जगन्नाथ पृष्टि एवं अभिमन्यु पात्र सहित अन्य सदस्यों ने सुचारू रूप से किया।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज।