Iदुद्धी (सोनभद्र)। शुक्रवार को रक्षाबंधन का पावन पर्व कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही घर घर में खुशियों का वातावरण रहा। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाया, कलाईयों पर रंग बिरंगी आकर्षण राखियाँ बाँधी और मिठाई खिलाकर उनके दीर्घायु व सफल जीवन की कामना की।
त्योहार से एक दिन पहले ही बाजारों में रौनक दिखी। राखियाँ, मिठाइयाँ और उपहार खरीदने के लिए लोगों की भीड़ बाजारों में रही। फल, मिष्ठान और राखी की दुकानों पर दिनभर ग्राहकों का ताँता लगा रहा।
इस वर्ष महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलने के कारण बसों में भी महिला यात्रियों की बढ़ी। कई बहनें मायके आकर भाइयों को राखी बाँधती दिखाई दीं। लोग सुबह के पहले शुभ मुहूर्त से ही राखी बांधना शुरू कर रहे थे, कुछ जगहों पर सुबह पांच बजे से कार्यक्रम चल रहे थे और दोपहर के दूसरे शुभ मुहूर्त में भी राखियाँ बाँधी गईं।
उधर बाज़ारों में भीड़ और यातायात को नियंत्रित रखने के लिये पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ कस्बे के विभिन्न इलाकों में भ्रमण करते रहे और जनता से सुरक्षा नियमों का पालन करने का आग्रह किया। पुलिसकर्मी प्रमुख बाजारों व बस स्टैंड पर तैनात रहे ताकि अव्यवस्था न हो और यातायात सुचारू रूप से चलता रहे।