बालोद (छत्तीसगढ़), 28 अगस्त 2026। बालोद पुलिस ने 16 मवेशियों की चोरी कर उन्हें ओडिशा में बेचने के मामले में कथित अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो ओडिशा के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, मामले में एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम खेरथाडीह निवासी जय नारायण नागवंशी ने 17 जून 2026 को अपनी दो भैंसों के गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान गांव के अन्य ग्रामीणों के 14 और मवेशियों के गुम होने की जानकारी सामने आई। इस तरह कुल 16 भैंसों के गुम होने की पुष्टि हुई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि धनसिंग राऊत उर्फ बटोरी यादव, डेंगा राऊत और शिवलाल गोंड कथित रूप से मवेशियों को चोरी कर पैदल हांकते हुए ओडिशा ले गए थे। इस आधार पर थाना बालोद में अपराध क्रमांक 327/2026 के तहत धारा 303(2), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।
मोबाइल लोकेशन से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस के मुताबिक, मोबाइल लोकेशन के आधार पर धनसिंग राऊत उर्फ बटोरी यादव और डेंगा राऊत को ग्राम पाररास से पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों ने अपने साथी शिवलाल गोंड के साथ मवेशियों की खरीद-बिक्री में संलिप्तता की जानकारी दी।
जांच में पुलिस को यह भी पता चला कि मवेशी कोचिया यशवंत उर्वशा ने 16 भैंसों को बेचने के लिए धनसिंग राऊत से संपर्क किया था। पुलिस के अनुसार, डेम किनारे 16 भैंसों का सौदा 1.50 लाख रुपये में किया गया था। धनसिंग राऊत ने इन्हें ओडिशा के रायघर मवेशी बाजार में करीब 2 लाख रुपये में बेचने की बात बताई।
₹57 हजार का मशरूका जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 28 हजार रुपये नकद, ग्लैमर मोटरसाइकिल CG-05-AD-7425, रियलमी एंड्रॉयड मोबाइल और जियो की-पैड मोबाइल सहित कुल 57 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धनसिंग राऊत उर्फ बटोरी यादव (30), डेंगा राऊत (30), दोनों निवासी जिला नवरंगपुर, ओडिशा और यशवंत उर्वशा (42), निवासी ग्राम कोरगुडा, बालोद के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों को 27 अगस्त को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में फरार आरोपी शिवलाल गोंड, निवासी डोंगरीपारा (कपेना), थाना रायघर, जिला नवरंगपुर, ओडिशा की तलाश जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य, पुलिस अधीक्षक बालोद किरण गंगाराम चव्हाण, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना के निर्देशन तथा एसडीओपी बालोद विनय कुमार के पर्यवेक्षण में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा और साइबर सेल प्रभारी धरम भुआर्य के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई की।