दुद्धी (सोनभद्र)।जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शुद्धि’के तहत दुद्धी पुलिस व एसओजी/सर्विलांस टीम ने बड़ा खुलासा करते हुए एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से 55.989 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 28 लाख रुपये बताई गई है। कुल बरामदगी वाहन व अन्य सामान सहित की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभरुणवाल व क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह की टीम सोमवार को म्योरपुर तिराहा पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिलने पर विंढमगंज की ओर से एक सफेद वर्ना कार आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन रोकने का प्रयास किया तो चालक कार को तेज गति से रजखड़ की ओर लेकर भागने लगा।
पुलिस ने पीछा कर रजखड़ घाटी के पास घेराबंदी कर वाहन रोक लिया और चालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान ऋषभ सिंह उर्फ रिशु सिंह निवासी अलीपुर थाना कासिमपुर, जनपद हरदोई (उ.प्र.) के रूप में की गई है। आरोपी की निशानदेही पर कार की डिग्गी से खाकी रंग के टेप में लिपटे 53 बंडलों में कुल 55.989 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। तस्करी में प्रयुक्त वर्ना कार, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 10 हजार रुपये की एटीएम निकासी से संबंधित पर्ची भी जब्त की गई है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों के साथ उड़ीसा के बोध क्षेत्र से गांजा खरीदकर झारखंड व छत्तीसगढ़ के रास्ते सोनभद्र होते हुए लखनऊ के मटियारी और चिनहट इलाकों में सप्लाई करता था। तस्करी का संपर्क मुख्यतः व्हाट्सऐप कॉल के जरिए होता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना दुद्धी में मु.अ.सं. 246/2026 के अंतर्गत धारा 8/20/27ए/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब मोबाइल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के विरुद्ध पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं।