जन्मदिन पर कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने वनांचल के स्कूली बच्चों संग किया न्योता भोज
बालोद (छत्तीसगढ़), 2 सितंबर: बालोद कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने अपना जन्मदिन डौंडीलोहारा विकासखंड के आदिवासी बहुल ग्राम नंगूटोला के स्कूली बच्चों के साथ मनाया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों, ग्रामीणों और अन्य उपस्थित लोगों को न्योता भोज दिया।
कलेक्टर मिश्रा ने शासकीय प्राथमिक शाला नंगूटोला में स्कूली बच्चों और ग्रामीणों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन किया तथा स्वयं बच्चों को भोजन परोसा। उन्होंने बच्चों के साथ केक भी काटा।
जन्मदिन के अवसर पर कलेक्टर ने विद्यार्थियों को स्कूल बैग, जूते और टॉफी वितरित किए। उन्होंने बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने और शिक्षा के माध्यम से जीवन में आगे बढ़ने की अपील की।
कलेक्टर ने कहा कि अच्छी शिक्षा जीवन में आगे बढ़ने के लिए महत्वपूर्ण है और विद्यार्थियों को निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ पढ़ाई कर अपने माता-पिता, परिवार और विद्यालय का नाम रोशन करना चाहिए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, डिप्टी कलेक्टर आशीष पेंद्रो, जिला शिक्षा अधिकारी दीपक दुबे, अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, शिक्षक, ग्रामीण और बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी उपस्थित रहे।

