जिला पंचायत सीईओ ने जनपदवार समीक्षा बैठक में योजनाओं की प्रगति परखा, समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश
बालोद (छत्तीसगढ़), 1 सितंबर। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार चंद्रवंशी ने जिला पंचायत सभाकक्ष में जनपदवार समीक्षा बैठक लेकर विकसित भारत-जी राम जी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण के तहत संचालित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में विभिन्न जनपद पंचायतों से प्राप्त प्रगति रिपोर्ट का अवलोकन किया गया। सीईओ ने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ शीघ्र पहुंचाने, कार्यों में आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान करने और पूर्व वित्तीय वर्षों के लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा।
सीईओ ने ग्राम पंचायतों में मांग के अनुरूप कार्य प्रारंभ कर श्रमिकों को नियोजित करने के निर्देश दिए, ताकि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले को प्राप्त लक्ष्य के अनुरूप मानवदिवस सृजित किए जा सकें।
बैठक में विशिष्ट कार्यों के तहत स्वीकृत बालिका शौचालय, मुक्तिधाम शेड सह प्रतीक्षालय और डिफंक्ट बोरवेल रिचार्ज कार्यों को शीघ्र शुरू कर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
विकासखंड डौंडी में पूर्व वर्ष के 13 आंगनबाड़ी भवनों के अपूर्ण रहने पर सीईओ ने संबंधित ग्राम पंचायतों को कार्य सौंपकर उन्हें एक माह के भीतर पूरा कराने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की समीक्षा के दौरान पात्र परिवारों को आवास स्वीकृति, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा पर चर्चा की गई। सीईओ ने कहा कि गरीब परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण के तहत सामुदायिक शौचालयों, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन तथा जनजागरूकता गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। महिलाओं और बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पिंक टॉयलेट जैसी पहलों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
बैठक में सहायक परियोजना अधिकारी, जिला समन्वयक, जनपद पंचायतों के सीईओ, कार्यपालन अभियंता, एसडीओ (आरईएस) और कार्यक्रम अधिकारी उपस्थित रहे।
