सिद्धार्थनगर में जमीनी विवाद में चली गोली, एक की मौत; तीन महिलाएं हिरासत में, जांच जारी
सिद्धार्थनगर। सदर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर मोहल्ले में रविवार सुबह जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान गोली चलने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से तीन महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं।
जानकारी के अनुसार, जगदीशपुर मोहल्ला निवासी रामशंकर का पड़ोसी अतुल दुबे से करीब 200 वर्गफीट जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि जमीन से संबंधित मामला न्यायालय में लंबित है। रविवार सुबह विवादित जमीन के पास नगरपालिका की ओर से सड़क निर्माण का कार्य कराया जा रहा था। सड़क से जमीन तक आने-जाने के लिए स्लोप बनाने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।
रामशंकर के परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान अतुल दुबे उन्हें खींचकर अपने घर के अंदर ले गए और लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक से गोली मार दी। गोली लगने से रामशंकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
वहीं, दूसरे पक्ष का कहना है कि रामशंकर पक्ष के लोग उनके घर पर मारपीट करने पहुंचे थे। इसी दौरान विवाद बढ़ा और गोली चलने की घटना हुई। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने अतुल दुबे के परिवार की तीन महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ने बताया कि रामशंकर की गोली लगने से मौत हुई है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।