सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में GBC 5.0 की तैयारियों और निवेश प्रस्तावों की प्रगति की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में बताया गया कि जिले के निर्धारित कुल 20,000 करोड़ के निवेश लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 33 परियोजनाओं के रूप में 14,612 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। इन प्रस्तावों से करीब 4,068 लोगों के लिए रोजगार सृजन की संभावना बताई गई।
बकाया 5,388 करोड़ की लक्ष्य राशि पूरा करने के लिए शासन के निर्देशानुसार पर्यटन, स्वास्थ्य, डेयरी, राइस मिल, पेट्रोल पंप सहित विभिन्न क्षेत्रों के लिये विभागवार लक्ष्य तय करने और संभावित निवेशकों से समन्वय कर एमओयू सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी के अनुसार, नए निवेश से स्थानीय उद्योगों को गति मिलेगी तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उत्पन्न होंगे।
बैठक में विभागीय अधिकारियों को निवेशकों को आकर्षित करने हेतु सक्रिय रूप से क्षेत्रीय संभावनाओं का प्रचार प्रसार करने, भूमि एवं अनुमतियों से जुड़ी अड़चनों को सरल करने तथा समयबद्ध तरीके से एमओयू पर समन्वय कर सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।