दुद्धी (सोनभद्र)। देश के चार राज्यों को जोड़ने वाले प्रमुख रेल मार्ग पर स्थित दुद्धीनगर रेलवे स्टेशन सुविधाओं के अभाव और विभागीय व सरकार के उदासीनता के कारण आज भी यात्रियों के लिए कष्ट का कारण बना हुआ है। इस रूट से रोजाना दर्जनों लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनें गुजरती हैं, फिर भी दुद्धी नगर स्टेशन पर किसी भी एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव नहीं है। इसके कारण तहसील मुख्यालय, न्यायालय, आईटीआई, डिग्री कॉलेज, इंटर कॉलेज और दर्जनों सरकारी अर्धसरकारी कार्यालयों से जुड़े हजारों कर्मचारी और आम नागरिक लंबी दूरी की यात्रा के लिए परेशान हैं।
स्थानीय लोग व जनप्रतिनिधि वर्षों से दुद्धी में एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग कर रहे हैं। सांसद, विधायक व रेलवे प्रशासन को कई बार आवेदन और ज्ञापन दिए जा चुके हैं, पर हर बार सिर्फ आश्वासन मिला और धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोग बताते हैं कि ट्रेनें स्टेशन के ठीक सामने से गुजरती हैं, पर यहां ठहराव न होने के कारण बस देखते ही रह जाते हैं।
मुख्य रूप से इस मार्ग से 11632 भोपाल एक्सप्रेस, 12873 झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस, 08611 अजमेर एक्सप्रेस, 12453 राजधानी एक्सप्रेस, 13025 हावड़ा-भोपाल एक्सप्रेस, 19607 कोलकाता एक्सप्रेस, 18009 संतरागाछी एक्सप्रेस और 19414 कोलकाता-अजमेर एक्सप्रेस गुज़रने वाली प्रमुख ट्रेनें हैं । स्थानीय लोगों का कहना है कि 11632 भोपाल एक्सप्रेस और 12873 झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस का ठहराव की मांग सबसे पुरानी है। यदि इन प्रमुख ट्रेनों का ठहराव दुद्धी में सुनिश्चित हो जाए तो क्षेत्रवासियों को लंबी दूरी की यात्रा में काफी राहत मिलेगी।
क्षेत्रीय जनता ने रेल मंत्रालय व मध्य रेलवे प्रशासन से जल्द से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की है। स्थानीय लोग आशा कर रहे हैं कि प्रशासन इन मांगों पर अति शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर नगर व क्षेत्रवासियों यात्रियों को सुविधा प्रदान करेगा। नगर व क्षेत्र वासियों ने चेतावनी दी की है कि अगर रेल मंत्रालय डीआरएम धनबाद जनहित से जुड़ी रेल यात्रा का संज्ञान नहीं लिया तो लोग आंदोलन के लिए बाध्य होंगे,जिसकी सारी जिम्मेदारी रेल प्रशासन की होगी।
