बारीपदा, 9/9: स्थानीय एमपीसी स्वायत्त महाविद्यालय के सम्मेलन कक्ष में क्षेत्रीय स्तर पर दिव्यांग अधिकार अधिनियम-2016 को लेकर जागरूकता शिविर एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों के अधिकार, सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा तथा सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं के प्रति जागरूकता पैदा करना और उन्हें समाज की मुख्यधारा में शामिल करने के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाराजा पूर्णचंद्र भंजदेव की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद हुआ। महाविद्यालय के प्रशासनिक प्रमुख डॉ. दीपक कुमार बेहरा ने कार्यक्रम का संयोजन किया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर नारायण प्रसाद बेहरा ने स्वागत भाषण देने के साथ अतिथियों का परिचय कराया। क्षेत्रीय शिक्षा निदेशक, बालेश्वर डॉ. हेमंत कुमार घड़ाई ने कार्यक्रम के उद्देश्य एवं इसकी उपयोगिता पर अपने विचार रखे।मुख्य अतिथि के रूप में राज्य दिव्यांग आयुक्त श्रीमती व्रतती हरिचंदन ने कहा कि दिव्यांगजनों के प्रति केवल दया का भाव रखना पर्याप्त नहीं है। उन्हें समाज की मुख्यधारा में शामिल करने के लिए सभी की सक्रिय भागीदारी और सहयोग आवश्यक है।जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी गोपीनाथ सए तथा राज्य दिव्यांग आयुक्त कार्यालय के ओएसडी देवी प्रसाद बारिक ने दिव्यांगजनों के लिए उपलब्ध विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी। विषय विशेषज्ञ राम किशोर शर्मा ने पावरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से दिव्यांग अधिकार अधिनियम-2016 के विभिन्न प्रावधानों और अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद अतिथियों एवं प्रतिभागियों के बीच संवाद तथा प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया।इसके बाद चार जिलों के आठ महाविद्यालयों की टीमों को लेकर क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें एमपीसी स्वायत्त महाविद्यालय, बारीपदा; सरकारी महिला महाविद्यालय, बारीपदा; एफ.एम. स्वायत्त महाविद्यालय, बालेश्वर; कुंतला कुमारी महिला महाविद्यालय, बालेश्वर; सरकारी महिला महाविद्यालय, क्योंझर; कॉलेज ऑफ टीचर एजुकेशन, बालेश्वर; यूजीसीटीई, बारीपदा तथा भद्रक स्वायत्त महाविद्यालय, भद्रक की टीमों ने हिस्सा लिया।क्विज प्रतियोगिता में कुंतला कुमारी महिला महाविद्यालय, बालेश्वर की टीम विजेता बनी। समापन सत्र में विजेता टीम सहित सभी प्रतिभागी टीमों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।अंत में महाविद्यालय के वित्तीय प्रमुख डॉ. आशुतोष प्रयास दाश ने औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम में विभिन्न महाविद्यालयों के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे और दिव्यांग अधिकार अधिनियम-2016 के प्रति जागरूक हुए।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहिराज की रिपोर्ट।