बिहार मोतीहारी से अमरजीत सिंह
मोतिहारी शहर के एक होटल में सेक्स रैकेट का खुलासा, मालिक समेत कई हिरासत में; 4 नाबालिग लड़कियों का रेस्क्यू।
मोतिहारी: शहर के छतौनी थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में कथित तौर पर चल रहे सेक्स रैकेट का पुलिस ने खुलासा किया है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने विद्याराज होटल में छापेमारी कर चार युवकों को हिरासत में लिया, जबकि वहां से चार नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया गया है। मामले में होटल मालिक राजीव कुमार को भी पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि पुलिस को होटल में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद एसपी के नेतृत्व में टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने होटल के कमरों की बारीकी से तलाशी ली, जिसके दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौजूद युवकों को पकड़ा गया और चार नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में होटल मालिक की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है। आरोप है कि होटल के कमरे नियमित प्रक्रिया के तहत एंट्री किए बिना एक-दो घंटे के लिए किराए पर दिए जाते थे, जिसके बदले कथित तौर पर 1200 से 1500 रुपये तक लिए जाते थे।
मामले को लेकर सदर डीएसपी दिलीप कुमार और सदर एसडीओ अरुण कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। होटल से बरामद किए गए सभी लोगों को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि होटल में यह गतिविधि कब से चल रही थी और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। नाबालिग लड़कियों की बरामदगी को लेकर पुलिस की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले में जांच पूरी होने के बाद ही पूरे नेटवर्क से जुड़ी तस्वीर साफ हो सकेगी।