वाराणसी से ✍️ प्रवीण मिश्रा की रिपोर्ट।
इंडियन टीवी न्यूज नैशनल।
49.91 एकड़ में प्रस्तावित है 91वीं बटालियन का मुख्यालय, जमीन अधिग्रहण की कवायद तेज।
आरएएफ और राजस्व विभाग की टीम पहुंची मौके पर, किसानों से पूछताछ कर अभिलेखों की जांच।
चौबेपुर। क्षेत्र के राजवारी (भंदहां) एयरपोर्ट की जमीन पर 91वीं बटालियन रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) का मुख्यालय बनाने की कवायद तेज हो गई है। करीब 49.91 एकड़ भूमि में मुख्यालय बनाए जाने का प्रस्ताव है। इसी सिलसिले में गुरुवार दोपहर रैपिड एक्शन फोर्स और राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण किया।राजवारी एयरपोर्ट की खाली पड़ी जमीन पर आरएएफ की ओर से वर्षों पहले बोर्ड लगाकर तार खींचे गए हैं। प्रस्तावित भूभाग के कुछ हिस्से पर आसपास के गांवों के किसानों का भी कब्जा बताया जा रहा है। मौके पर पहुंचे आरएएफ और राजस्व अधिकारियों ने संबंधित किसानों से जमीन के संबंध में पूछताछ की और उनके अभिलेखों की जांच की। अधिकारियों की इस कार्रवाई से भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।