दुद्धी (सोनभद्र)। स्वर्गीय प्रेम भाई की 91वीं जन्म जयंती पर उनके आदर्श और कृतित्वों को याद करते हुए एक स्मृति वृंद कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में सामाजिक सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आदिवासी अधिकारों के प्रति उनके असामान्य समर्पण को उजागर किया गया और उनके द्वारा आरम्भ किए गए कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
मुख्य अतिथि भाऊराव देवरस राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय दुद्धी के प्रभारी प्राचार्य राजेश कुमार भारती ने कहा कि प्रेम भाई ने रासायनिक खाद से परहेज़ कर जैविक खेती को बढ़ावा देकर स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन के विचार को जन जन तक पहुँचाया। उन्होंने बताया कि प्रेम भाई ने 1973 में गोविंद बल्लभ पंत सागर परियोजना के समय गरीबों की चिंता हमेशा अपने दिल में रखी । यह संवेदना उनकी पुत्री सुभा बहन में परिलक्षित होती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अमरनाथ जायसवाल ने कहा कि प्रेम भाई ने बिहार और उड़ीसा से लेकर तत्कालीन मिर्जापुर जिले तथा देश विदेश के कई इलाकों में मानव सशक्तिकरण के लिए काम किया। विशिष्ट अतिथि रामेश्वर प्रसाद राय ने बताया कि उन दिनों डाल्टनगंज झारखंड में बांध निर्माण में भी प्रेम भाई ने श्रमदान सहित सैकड़ों परियोजनाओं में सक्रिय भूमिका निभाई। वरिष्ठ अधिवक्ता रामलोचन तिवारी ने कहा कि प्रेम भाई ने बनवासी सेवा आश्रम के उत्थान के लिए तत्कालीन चीफ जस्टिस के समय रिट दायर कर कानूनी लड़ाई लड़ी और देशभर में आदिवासियों के जल जंगल जमीन पर भौमिक अधिकार उठाए।
एल्डर कमेटी चेयरमैन प्रेमचन्द यादव ने छोटे छोटे बंधी, पाठशाला और धारा 20 के अंतर्गत ज़मीनों के मुआवज़े जैसे मुद्दों पर प्रेम भाई के योगदान पर प्रकाश डाला। डॉक्टर वीर अभिमन्यु सिंह ने कविताओं के माध्यम से उनके जीवन और कार्यों की यादें साझा कीं तथा उनके सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। दुद्धी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण पांडे ने भी प्रेम भाई की निस्वार्थ सेवाओं की खुले दिल से प्रशंसा की।
स्वच्छता मिशन ब्रांड एंबेसडर जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी ने कहा कि प्रेम भाई ने आदिवासी बहुल क्षेत्रों के गरीब और वंचित लोगों के उत्थान तथा भूमि हकदारी की लड़ाईयों में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने पूर्व राजनेताओं और स्थानीय नेताओं स्वर्गीय राम प्यारे पानीका, स्वर्गीय विजय सिंह गौड़ के अलावा पूर्व विधायक हरिराम चेरो व वर्तमान जिला अध्यक्ष महेशानंद समेत अन्य हस्तियों के योगदानों को याद करते हुए उनके कार्यों की सराहना की।
बनवासी सेवा आश्रम की मंत्री सुभा बहन ने पिता के जीवन को स्मरण करते हुए वक्ताओं का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि शोषित वंचित आदिवासी क्षेत्र के लोगों के लिए कानूनी सहायता हेतु वकीलों के एक संयुक्त पैनल की आवश्यकता है और इसके लिए समन्वित प्रयासों की अपील की। राखी जायसवाल ने महिलाओं के लिये सिलाई मशीन प्रशिक्षण और योग प्रशिक्षण कराने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में जिला संघ चालक रविन्द्र जायसवाल, शिव शंकर गुप्ता एडवोकेट, देवनाथ भाई, विमल भाई, चित्रांगन दुबे, रामजी पाण्डेय, धरमु सिंह, सन्तोष जायसवाल, कृष्ण मुरारी पांडे, अनुप कुमार समेत सैकड़ों लोग उपस्थित रहे और प्रेम भाई के जीवन और कार्यों को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।