अशोक नगर ब्यूरो चीफ गिरीश रघुवंशी
अमानत में दिए गए ट्रक व 250.20 क्विंटल गेहूं को अशोकनगर पुलिस ने किया बरामद, पुलिस की त्वरित कार्यवाही से आरोपी गिरफ्तार”
पुलिस अधीक्षक अशोकनगर राजीव कुमार मिश्रा द्वारा जिले के समस्त थाना प्रभारियों को गंभीर एवं धोखाधड़ी से संबंधित अपराधों में त्वरित, प्रभावी एवं परिणाममूलक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं । इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतर सिंह कनेश के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी अशोकनगर विवेक शर्मा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक रवि प्रताप सिंह चौहान के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस द्वारा अमानत में खयानत के गंभीर प्रकरण में उल्लेखनीय सफलता हासिल की गई ।
प्रकरण की संक्षिप्त जानकारी – दिनांक 09.09.2026 को फरियादी मनोज कुमार जैन पिता प्रकाश चंद्र जैन, उम्र 46 वर्ष, निवासी तायड़े कॉलोनी अशोकनगर द्वारा थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 05.09.2026 को उनकी फर्म मनोज कुमार प्रकाश चंद्र फर्म से 834 कट्टे, कुल 250.20 क्विंटल गेहूं मुकुल फूड्स प्रोडक्ट फर्म, ग्वालियर के लिए ट्रक क्रमांक MP-06 HC-2573 से रवाना किया गया था । ट्रक चालक रुस्तम पुत्र दीवान सिंह, निवासी घीलपुर, थाना घीरोरी, द्वारा उक्त माल को ग्वालियर पहुंचाने के बजाय माल सहित ट्रक को खुर्द-बुर्द करने एवं हड़पने की नीयत से अमानत में खयानत की गई । माल से संबंधित ई-वे बिल क्रमांक 3316 के संबंध में भी जानकारी प्राप्त हुई कि माल गंतव्य तक नहीं पहुंचाया गया । दिनांक 06.09.2026 को माल डिलीवर करने का आश्वासन दिए जाने के बावजूद आरोपी द्वारा लगातार गुमराह किया जाता रहा । इस पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 570/26, धारा 316(2), 316(4) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया ।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में त्वरित कार्यवाही, आरोपी गिरफ्तार – प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा द्वारा विवेचना में त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर माल-मसरूका की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए । निर्देश के पालन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक रवि प्रताप सिंह चौहान द्वारा पुलिस टीम गठित कर लगातार प्रयास किए गए । पुलिस टीम ने तत्परता एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए आरोपी रुस्तम पिता दीवान सिंह गुर्जर, उम्र 58 वर्ष, निवासी बड़पुरा मोहेरोली, हाल गुर्जर कॉलोनी, धौलपुर, राजस्थान को घांटीगांव, ग्वालियर के पास से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की । पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अमानत में खयानत किए गए ट्रक एवं माल को मध्य प्रदेश सीमा में ही होना बताया गया, जिस पर पुलिस द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए ट्रक एवं उसमें लदा 250.20 क्विंटल गेहूं बरामद किया गया, जप्तशुदा माल की कीमत लगभग 8.5 लाख रूपये है । प्रकरण में गिरफ्तारशुदा आरोपी से पूछताछ व अन्य आरोपी रिंकू गुर्जर की तलाश जारी है । आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है ।
अपराध पर त्वरित प्रहार, अमानत में खयानत का माल बरामद – अशोकनगर पुलिस की इस कार्यवाही से स्पष्ट है कि गंभीर एवं धोखाधड़ी से जुड़े अपराधों में पुलिस द्वारा न केवल त्वरित कार्यवाही की जा रही है, बल्कि अपराध से जुड़े माल-मसरूका की बरामदगी एवं आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं ।
कार्यवाही में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका – थाना प्रभारी निरीक्षक रवि प्रताप सिंह चौहान,सउनि धर्मेन्द्र पल्लिया, प्रआर भार्गव लोधा, प्रआर मुनेश रघुवंशी, आर. पवन बघेल, आर. कुलदीप चौहान, कृष्णगोपाल मंडोत सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही ।