गुमला जिले के सिसई प्रखंड में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कारोबारियों पर शिकंजा कस दिया है। उपायुक्त एवं अधीक्षक उत्पाद के निर्देश पर गुरुवार को सिसई थाना पुलिस के सहयोग से उत्पाद विभाग की टीम ने सिसई बाजार और रेड़वा बाजार में ताबड़तोड़ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। टीम ने मौके से करीब 50 लीटर महुआ शराब तथा 0.150 लीटर विदेशी शराब बरामद कर जब्त की।
दो बाजारों में एक साथ कार्रवाई, छह गिरफ्तार
उत्पाद विभाग की कार्रवाई से दोनों बाजारों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। टीम ने संदिग्ध ठिकानों पर जांच करते हुए अवैध शराब की बरामदगी की और मौके से छह लोगों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों में साहिल भंडारी (27), पिता स्व. रमेश भंडारी, ग्राम खापिया, थाना घाघरा; पार्वती कुमारी (22), पति बिट्टू साहू, ग्राम खोरा, थाना गुमला; सरिता उरांव (28), पति गंगा उरांव, ग्राम पंडरिया, थाना सिसई; मंगरी देवी (50), पति बंधना उरांव, सिसई बस्ती; फुलमनी देवी (40), पति हरि उरांव, सिसई बस्ती तथा सीतामुनी देवी (50), पति सुकरा उरांव, ग्राम दीगदोन, थाना सिसई शामिल हैं।
उत्पाद अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई
छापेमारी के दौरान बरामद शराब को उत्पाद विभाग ने जब्त कर लिया। सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को आगे की उत्पाद एवं कानूनी कार्रवाई के लिए अधीक्षक उत्पाद कार्यालय, गुमला ले जाया गया।
कार्रवाई के बाद अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप
सिसई और रेड़वा बाजार में हुई इस कार्रवाई के बाद अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। विभाग की सक्रियता से आने वाले दिनों में ऐसे कारोबारियों पर और भी कार्रवाई होने की संभावना है।
गुमला से ब्यूरो चीफ शम्भु चौहान की रिपोर्ट