दुद्धी (सोनभद्र)।दुद्धी को जिला बनाओ विकास कराओ के नारों के साथ आज शनिवार दोपहर करीब एक बजे दुद्धी कचहरी गेट पर दुद्धी को जिला बनाने की संघर्ष समिति के पदाधिकारी और वकीलों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी कर सरकार पर चुनावी वायदों को निभाने में विफल रहने का आरोप लगाया।
संघर्ष समिति के वक्ताओं ने कहा कि विधानसभा चुनावों के दौरान प्रदेश और केन्द्र के कई नेताओं ने दुद्धी को जिला बनाने का वादा किया था, पर अब तक वह पूरा नहीं हुआ। उनका कहना था कि दुद्धी कई दशकों से जिला बनाने की मांग कर रहा है और सभी मानदंड भी पूरा करता है, जबकि यह क्षेत्र भारी राजस्व देता है। इसलिए उन्होंने शीघ्र जिला घोषित करने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में दुद्धी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण पांडे , रामपाल चौहरी, अशोक कुमार गुप्ता, हरनाम सिंह, दिलीप पांडे, छोटेलाल, वीरेंद्र कुमार, संजय यादव, आशीष गुप्ता, अभिनव जयसवाल, राकेश अग्रहरी सहित संघर्ष समिति के कई पदाधिकारी, वकील और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।