झांसी। झांसी रेल मंडल में स्वच्छता को जनभागीदारी और दैनिक व्यवहार से जोड़ने के उद्देश्य से ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान का शुभारंभ किया गया। मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार ने कर्टेन रेजर कार्यक्रम के माध्यम से अभियान की शुरुआत की। इस वर्ष अभियान की थीम “स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” रखी गई है। अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक विभिन्न चरणों में आयोजित किया जाएगा।
शुभारंभ अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि रेलवे परिसरों को स्वच्छ रखने के साथ यात्रियों, रेलकर्मियों और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को निरंतर व्यवहार का हिस्सा बनाकर ही स्वच्छ रेल और स्वच्छ परिसर की संकल्पना को मजबूत किया जा सकता है।
अभियान के तहत झांसी मंडल के रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों, रेलवे कॉलोनियों, कार्यालयों, कोचिंग डिपो, कार्यशालाओं, अस्पतालों एवं अन्य परिसरों में विभिन्न स्वच्छता और जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों (CTU) एवं Garbage Vulnerable Points (GVPs) की सफाई, स्वच्छ स्टेशन एवं स्वच्छ रेलगाड़ी, ठोस कचरा प्रबंधन, कचरा पृथक्करण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी और होम कम्पोस्टिंग जैसी गतिविधियों पर विशेष जोर दिया जाएगा।
अभियान में रेलवे स्कूलों और विद्यार्थियों को भी सहभागी बनाया जा रहा है। ‘स्वच्छता ज्ञान यात्रा’ के माध्यम से विद्यार्थियों को कोच वॉशिंग लाइन, पिट लाइन, बायो-टॉयलेट, जल पुनर्चक्रण तथा स्वच्छता से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा नुक्कड़ नाटक, कला प्रतियोगिताएं, रैलियां और स्वच्छता शपथ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से जागरूकता बढ़ाई जाएगी।
सफाईमित्रों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सम्मान को भी अभियान में विशेष प्राथमिकता दी गई है। इसके तहत स्वास्थ्य जांच शिविर, सुरक्षा उपकरण एवं PPE किट वितरण तथा सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ‘कबाड़ से जुगाड़’ और ‘कबाड़ से कला’ जैसी गतिविधियों के माध्यम से अपशिष्ट के पुन: उपयोग और पुनर्चक्रण को प्रोत्साहित किया जाएगा।
अभियान के शुभारंभ पर जनजागरूकता बढ़ाने के लिए हस्ताक्षर अभियान और सेल्फी कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। ललितपुर स्टेशन पर हस्ताक्षर अभियान हुआ, जबकि स्कूली छात्रों ने झांसी कोचिंग डिपो का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान SSE/CHG द्वारा विद्यार्थियों को कोच वॉशिंग, पिट लाइन, बायो-टॉयलेट एवं डिपो की अन्य स्वच्छता व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। ग्वालियर और डबरा रेलवे स्टेशन तथा रेलवे कॉलोनियों में यात्रियों एवं स्टॉल वेंडरों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग निर्धारित डस्टबिन में डालने के लिए जागरूक किया गया।
अभियान के अगले चरण में 1 अक्टूबर को ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ के तहत सामूहिक श्रमदान तथा 2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर स्वच्छता शपथ, प्रभात फेरी, पौधारोपण एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों और इकाइयों के सम्मान सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक इंफ्रा श्री प्रेम प्रकाश शर्मा, वरिष्ठ डीईएनएचएम श्री आनंद गुप्ता, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री राजेश कुमार शर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री जे.के. शर्मा, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर श्रीमती रश्मि गौतम, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर कोचिंग श्री गौरव सहित मंडल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
झांसी रेल मंडल द्वारा यात्रियों, रेलकर्मियों, उनके परिवारों, युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों एवं आमजन से ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है।