★ ‘सेवा संकल्प अभियान’ अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत मोतिहारी में सांसद राधामोहन सिंह सहित सैकड़ों लोगों ने किया वृक्षारोपण।
★ चंपारण की ऐतिहासिक पहचान ‘चंपारण्य’ को पुनर्जीवित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा, समर्पण एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प को समर्पित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत चल रहे ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत आज मोतिहारी के गांधी मैदान में सांसद राधामोहन सिंह ने वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर सांसद राधामोहन सिंह ने विशेष रूप से चंपा का पौधा रोपण किया।
उक्त अवसर पर सांसद श्री सिंह ने कहा कि चंपा का वृक्ष चंपारण की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान से गहराई से जुड़ा हुआ है। पूर्वी चंपारण जिला प्रशासन के आधिकारिक विवरण के अनुसार, ‘चंपारण’ नाम ‘चंपा-अरण्य’ से जुड़ा है, जिसका अर्थ है चंपा के पेड़ों का वन, ऐसे में चंपारण की धरती पर चंपा का पौधा लगाना केवल पर्यावरण संरक्षण की पहल नहीं, बल्कि अपनी ऐतिहासिक जड़ों, प्रकृति और विरासत को पुनर्जीवित करने का भावपूर्ण संकल्प भी है। चंपा के वृक्ष से जुड़ी यह पहचान इस क्षेत्र की प्रकृति और इतिहास के उस गौरव को स्मरण कराती है, जिसकी अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक विरासत रही है।
श्री सिंह ने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 25 वर्षों के सेवा, समर्पण एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प से प्रेरणा लेकर समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्तर पर राष्ट्र और समाज के लिए योगदान देने का अवसर प्रदान करने वाला अभियान है। सेवा केवल किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सरोकार और जनकल्याण जैसे प्रत्येक क्षेत्र में किया गया सकारात्मक प्रयास राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देता है।
उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण वर्तमान के साथ-साथ भविष्य की पीढ़ियों के लिए किया गया सेवा कार्य है। आज लगाए गए ये पौधे आने वाले वर्षों में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ वायु, हरियाली और जैव विविधता के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। विशेष रूप से चंपा सहित स्थानीय पर्यावरण के अनुकूल विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण चंपारण की हरित पहचान को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ का मूल भाव यही है कि प्रत्येक नागरिक अपनी क्षमता और सामर्थ्य के अनुसार समाज एवं राष्ट्र के लिए अपना योगदान दे। एक व्यक्ति द्वारा लगाया गया एक पौधा भी आने वाले समय में अनेक लोगों के जीवन को लाभ पहुंचा सकता है। इसलिए वृक्षारोपण को जनभागीदारी का अभियान बनाते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी सुनिश्चित करना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान चंपा, नीम, अर्जुन, कचनार, सागवान, हरसिंगार एवं अमलतास के सैकड़ों पौधे लगाए गए।
इस अवसर पर बिहार राज्य मछुआरा आयोग अध्यक्ष ललन सहनी, डिप्टी मेयर डॉo लालबाबू प्रसाद, जिला वन अधिकारी अमित कुमार, रेंजर रौशन कुमार, पार्षद पति रोचक झा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष नीता शर्मा, समाजसेवी राकेश सिंह, वन कर्मी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्ट; अमरजीत सिंह