हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के बछलौता फ्लाईओवर स्थित नए हाईवे पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला और उसके चार माह के मासूम पुत्र की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक और उसकी पांच वर्षीय पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई तथा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 सितंबर 2026 को शाम करीब 5:50 बजे अकरम पुत्र खुर्शीद (40 वर्ष), अपनी पत्नी शबाना (35 वर्ष), चार माह के पुत्र अली हमजा तथा पांच वर्षीय पुत्री जुबिया नूर के साथ मोटरसाइकिल संख्या UP21BH4887 (अपाचे) पर सवार होकर अपने गांव तुमरिया कला, थाना ठाकुरद्वारा, जनपद मुरादाबाद से दिल्ली के जैतपुर स्थित कार्यस्थल पर जा रहे थे।
बताया गया कि बाबूगढ़ क्षेत्र में बछलौता फ्लाईओवर के निकट हाईवे पर सामने चल रही भूसे से भरी गाड़ी को बचाने के प्रयास में उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने सड़क पर गिरे बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिससे शबाना और चार माह के मासूम अली हमजा की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में बाइक चालक अकरम और उनकी पुत्री जुबिया नूर घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस एवं एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए देवनंदिनी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया गया।
पुलिस द्वारा मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है। साथ ही हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।