दल्लीराजहरा में पुलिस का विशेष अभियान, 11 टीमों ने असामाजिक तत्वों के ठिकानों पर दी दबिश
बालोद, 18 सितंबर 2026। पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चौव्हाण के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में दल्लीराजहरा शहर में नशामुक्ति, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर विशेष पुलिस अभियान चलाया गया। अभियान में करीब 70 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की 11 टीमों ने एक साथ विभिन्न स्थानों पर दबिश दी।
पुलिस टीमों ने असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त एवं पुलिस की निगरानी में रहने वाले चिन्हित व्यक्तियों के ठिकानों के साथ शहर के विभिन्न होटल और ढाबों की जांच की। कार्रवाई के दौरान एक महिला के घर से 15 नग देशी प्लेन शराब बरामद की गई, जिस पर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। वहीं एक ढाबे में शराब पिलाने वाले व्यक्ति के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई।
गणेश चतुर्थी पर्व के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने प्रमुख मार्गों, संवेदनशील क्षेत्रों एवं गणेश पंडालों में पैदल फ्लैग मार्च किया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 51 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना और सीएसपी दल्लीराजहरा विकास पाटले सहित जिले के पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
कार्रवाई के बाद पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चौहान ने ड्यूटी में तैनात अधिकारी-कर्मचारियों की डी-ब्रीफिंग की और उनके कार्य की सराहना करते हुए बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई ‘Visible Policing’ का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिससे आम जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत होती है। उन्होंने सूचना तंत्र को और मजबूत करने तथा समय-समय पर इस प्रकार की कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।
पुलिस के अनुसार असामाजिक गतिविधियों और कानून-व्यवस्था को लेकर इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


