गरौठा (झांसी): जिलाधिकारी गौरांग राठी ने शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गरौठा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया तथा ऑक्सीजन प्लांट के सुचारु संचालन के लिए नवनिर्मित विद्युत स्टेबलाइजर का औपचारिक शुभारंभ किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लेबर रूम, एक्स-रे कक्ष, पैथोलॉजी लैब और स्टोर रूम की स्थिति देखी तथा दवा उपलब्धता रजिस्टर की गहन जांच की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की मंशा के अनुरूप अस्पताल में पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं देना सुनिश्चित किया जाए। जिन आवश्यक दवाओं की कमी है, उन्हें तत्काल मंगवाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने वार्डों का भ्रमण कर भर्ती मरीजों से सीधा संवाद किया और उनसे मिल रहे भोजन व दवाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने चिकित्सकों को भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और समय पर दवाएं उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए। इसके अलावा, परिसर में बेहतर साफ-सफाई बनाए रखने के लिए भी कहा गया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. शिशिर पुरी, स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं सीएचसी गरौठा का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।