झांसी/गरौठा। तहसील गरौठा सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी गौरांग राठी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) विकास कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक जवाहर लाल राजपूत भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने जनता की समस्याएं सुनकर उनके समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।
लापरवाही पर एक्शन, लेखपाल शशांक गर्ग का वेतन रोका: समाधान दिवस के दौरान ग्राम सिया निवासी श्रीमती रामदेवी (पत्नी स्व. नृपत उर्फ बलराम) ने शिकायती पत्र प्रस्तुत करते हुए बताया कि खतौनी और आधार कार्ड में नाम के अंतर को लेकर संबंधित लेखपाल नामांतरण (म्यूटेशन) में लगातार परेशान कर रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी गौरांग राठी ने लेखपाल शशांक गर्ग का वेतन तत्काल प्रभाव से बाधित करने तथा पूरे प्रकरण की जांच कर निस्तारण के आदेश दिए।
अवैध कब्जाधारकों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश: भूमि विवाद से संबंधित अधिक शिकायतें मिलने पर जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पैमाइश व पत्थरगड्डी के बाद पुनः अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध ऐसी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए जो नज़ीर बने। पुलिस व राजस्व की संयुक्त टीम को अभियान चलाकर ऐसे प्रकरण चिह्नित करने और आवश्यकतानुसार धारा 24, 145, 151, 107/116 एवं 447 के तहत कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
IGRS पोर्टल शिकायतों पर तय होगी सर्वोच्च स्तर तक जवाबदेही: जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस और IGRS पोर्टल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। शिकायतों के निस्तारण में मानवीय दृष्टिकोण अपनाया जाए और शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही असली निस्तारण मानी जाएगी। फर्जी या गुणवत्ताविहीन आख्या लगाने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों पर शीर्षतम स्तर तक जिम्मेदारी तय की जाएगी।
अन्नप्राशन कराया, पोषणयुक्त व्यंजनों का चखा स्वाद: कार्यक्रम से पूर्व तहसील प्रांगण में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार (ICDS) विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा मिशन शक्ति द्वारा लगाए गए स्टॉल्स का निरीक्षण किया गया। विधायक, डीएम और एसएसपी ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत बनी नवीन रेसिपी हलुआ व नमकीन दलिया का स्वाद परखकर गुणवत्ता की जांच की। इस दौरान 06 माह पूर्ण करने वाले बच्चों का अन्नप्राशन कराकर उनकी माताओं को पोषण पोटली भेंट की गई।
आयोजन में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी, एसडीएम गरौठा सुनील कुमार, डीडीओ राजेश कुमार, अधिशासी अभियंता (विद्युत) ब्रजभान सिंह, क्षेत्राधिकारी पुलिस, तहसीलदार सहित सभी जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।