झरने के तेज बहाव में बही श्रद्धालुओं की कार: 3 बच्चों समेत ओड़िशा के 8 लोगों की मौत, मुख्यमंत्री ने जताया शोक।
ओडिशा/भुवनेश्वर: मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। राशिदाबाद क्षेत्र में स्थित मां बगलामुखी मंदिर के पास एक नाले में भारी बारिश के कारण आए तेज बहाव में ओड़िशा के श्रद्धालुओं की कार बह गई। इस दर्दनाक हादसे में भुवनेश्वर के जयदेव विहार इलाके के एक ही परिवार के 3 बच्चों, 3 महिलाओं और 2 पुरुषों समेत कुल 8 लोगों की मौत हो गई। उनके साथ मौजूद स्थानीय ट्रैवल एजेंसी के कार चालक की भी इस हादसे में जान चली गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक लखनऊ से एक किराए की इनोवा कार द्वारा मां बगलामुखी मंदिर के दर्शन के लिए आए थे। दर्शन करने के बाद लौटते समय रास्ते में पड़ने वाले रपटे (पुल) के ऊपर से बाढ़ का पानी बेहद तेज गति से बह रहा था। पानी का बहाव ज्यादा होने के बावजूद चालक ने गाड़ी को आगे बढ़ाने का प्रयास किया, जिसके कारण कार अपना संतुलन खो बैठी और नाले के तेज बहाव में बह गई। देर रात भारी बारिश जारी रहने के कारण बचाव कार्य में काफी बाधा आई। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर कार के भीतर से सभी 8 लोगों के शव बरामद किए।
मृतकों की पहचान भुवनेश्वर के जयदेव विहार निवासी बनमाली बेहेरा, उनके बेटे शिवप्रसाद बेहेरा, बेटी रीतारानी बेहेरा, राधारानी बेहेरा, दामाद ज्ञानेंद्र बेहेरा और तीन नाती-पोतों के रूप में हुई है। इस घटना की खबर मिलते ही स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मध्य प्रदेश प्रशासन की ओर से कलेक्टर सेर सिंह मीना और एसपी विनोद कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पोस्टमार्टम प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक, विमान से लाए जाएंगे पार्थिव शरीर: इस दुखद घटना पर ओड़िशा के मुख्यमंत्री ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। ओड़िशा सरकार द्वारा मृतकों के पार्थिव शरीरों को सम्मानपूर्वक वापस लाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। सरकारी सूत्रों के अनुसार, मध्य प्रदेश सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर विशेष विमान के जरिए सभी शवों को भुवनेश्वर लाया जाएगा।