नाबालिग बालिकाओं से दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार, 24 घंटे में पुलिस ने की कार्रवाई
बालोद, छत्तीसगढ़, 19 सितंबर 2026: बालोद जिले के गुण्डरदेही थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिकाओं से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने एक 36 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर को प्रार्थिया ने थाना गुण्डरदेही में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी ललित ठाकुर ने उसकी नातिन और उसकी सहेली, दोनों नाबालिग बालिकाओं को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और सुनसान स्थान पर उनके साथ दुष्कर्म किया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 65(2), 137(2) बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई और आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना और एसडीओपी गुण्डरदेही श्रुति सिंह के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी निरीक्षक रविशंकर पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी ललित ठाकुर, पिता स्व. लक्ष्मण सिंह ठाकुर, उम्र 36 वर्ष को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। कार्रवाई में निरीक्षक रविशंकर पाण्डेय, उप निरीक्षक मनीष शेण्डे, PSI सृष्टि ध्रुव, धनेश्वर कंवर, आरक्षक यशवंत देशमुख, आरक्षक पंकज तारम और महिला आरक्षक कमलेश्वरी साहू की विशेष भूमिका रही।
