सड़क हादसे में युवक की मौत के मामले में बस चालक गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया
बालोद, छत्तीसगढ़, 18 सितंबर 2026: थाना पुरूर क्षेत्र में एनएच-30 पर हुए सड़क हादसे में युवक की मौत के मामले में पुलिस ने मनीष ट्रेवल्स बस के चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान हेमन लाल साहू (33), निवासी ग्राम रावा भर्रीपारा, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर को कैलाश सिन्हा ने थाना पुरूर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका बड़ा भाई जीवन सिन्हा मोटरसाइकिल से धमतरी जा रहा था। करीब 11:45 बजे एनएच-30 पर न्यारा पेट्रोल पंप के सामने बालोदगहन के पास सामने से आ रही मनीष ट्रेवल्स की बस क्रमांक सीजी 27 के 2469 ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
हादसे में जीवन सिन्हा बस के बोनट में फंस गया। पुलिस के मुताबिक, बस चालक ने वाहन नहीं रोका और उसे घसीटते हुए आगे ले गया। करीब 5 से 6 किलोमीटर दूर जगतरा टोल प्लाजा के पास शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। घटना में जीवन सिन्हा की मौत हो गई।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की और बस चालक के खिलाफ अपराध क्रमांक 102/2026 में धारा 281, 106(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। विवेचना के दौरान मौका गवाहों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ धारा 105 बीएनएस भी पाए जाने पर कार्रवाई की गई।
पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना स्वीकार किए जाने के बाद पुलिस ने उसे 18 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इसी तरह थाना पुरूर क्षेत्र के एक अन्य सड़क दुर्घटना मामले में गिरफ्तारी वारंटी तुमेश्वर ध्रुव (32), निवासी ग्राम शंकरदाह, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल निरुद्ध किया है।
