बालोद के विभिन्न थानों में ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम, सुरक्षा और जन-जागरूकता का दिया संदेश
बालोद, छत्तीसगढ़, 18 सितंबर 2026: ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के तहत बालोद जिले के विभिन्न थाना और चौकी परिसरों में 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने दीप प्रज्ज्वलित कर सुरक्षा, जन-जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध, नशामुक्ति, सैनिक सम्मान और नए आपराधिक कानूनों को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।
सड़क सुरक्षा के तहत हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, यातायात नियमों के पालन तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी गई। साइबर सुरक्षा को लेकर नागरिकों से OTP, UPI और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की अपील की गई। साइबर ठगी की स्थिति में साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में युवाओं और आमजन को नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। साथ ही भारतीय सैनिकों के योगदान और त्याग के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए राष्ट्रसेवा की भावना को बढ़ावा देने की अपील की गई।
नागरिकों को आपात स्थिति में डायल 112 की उपयोगिता तथा नवीन आपराधिक कानूनों की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के दौरान अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियों का पालन किया गया। पुलिस ने कार्यक्रम की गतिविधियों का फोटो-वीडियो संकलन कर सोशल मीडिया के माध्यम से जन-जागरूकता का संदेश प्रसारित किया।
बालोद पुलिस ने नागरिकों से सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े संदेशों को अपनाने तथा परिवार एवं समाज के अन्य लोगों तक पहुंचाने की अपील की।

