बाराबंकी से अमन शर्मा की खास रिपोर्ट
बाराबंकी। लोनीकटरा थाना क्षेत्र के छंदरौली कट के पास सोमवार शाम तेज रफ्तार पल्सर बाइक ने पैदल घर जा रहे सफाईकर्मी राजकुमार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई और राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
राजकुमार पुत्र राधेलाल, निवासी जौरास, जियो पेट्रोल पंप, पुलिस चौकी समेत कई जगह सफाई कर परिवार का पालन-पोषण करता है। सोमवार शाम करीब 6:30 बजे पेट्रोल पंप पर झाड़ू लगाने के बाद वह इंटरलॉकिंग रोड से घर लौट रहा था, तभी तेज रफ्तार बाइक ने सामने से टक्कर मार दी।
बाइक सवार की पहचान प्रशांत पुत्र चंद्रजीत यादव, निवासी खरसतिया, थाना हैदरगढ़ के रूप में हुई है। हादसे की सूचना पर कांस्टेबल आशीष यादव और चौकी इंचार्ज अभय गुप्ता करीब पांच मिनट में मौके पर पहुंचे। इसके बाद उपनिरीक्षक अमित कनौजिया पुलिस बल के साथ पहुंचे और घायल को 108 एंबुलेंस से सीएचसी त्रिवेदीगंज भेजा गया।
पुलिस ने बजाज पल्सर UP-41 BK 8617 को कब्जे में ले लिया है। खबर लिखे जाने तक घायल राजकुमार की हालत नाजुक बताई जा रही थी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई की ग्रामीणों ने सराहना की।