इंडियन टीवी न्यूज नेशनल छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
दुर्ग।
दुर्ग शहर के आंतरिक मार्गों, जी.ई. रोड तथा राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर बढ़ते आवारा एवं घुमंतू पशुओं के जमावड़े को लेकर छत्तीसगढ़ सर्व समाज संगठन (अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ) के प्रांताध्यक्ष भानु प्रताप यादव ने नगर निगम दुर्ग के आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से सड़कों पर घूम रहे मवेशियों को तत्काल हटाने और इस समस्या पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया है कि शासन के निर्देशों के बावजूद मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर मवेशियों के खुले विचरण की समस्या बनी हुई है। इससे वाहन चालकों, राहगीरों और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
दुर्घटना और यातायात बाधित होने की समस्या
संगठन ने बताया कि जी.ई. रोड, राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर अचानक मवेशियों के सड़क पर आ जाने से वाहन चालकों के लिए खतरा उत्पन्न होता है। वहीं सड़क के बीचों-बीच पशुओं के बैठने से यातायात बाधित होने और जाम की स्थिति बनने की शिकायत भी सामने आती रहती है।
इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों और मुख्य मार्गों पर पशुओं के जमावड़े से गंदगी की समस्या तथा स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ने की बात भी ज्ञापन में कही गई है।
संगठन ने रखीं ये प्रमुख मांगें
1. विशेष अभियान: जी.ई. रोड, एनएच तथा शहर के प्रमुख मार्गों से आवारा मवेशियों को हटाने के लिए काऊ कैचर टीम तैनात कर विशेष अभियान चलाया जाए।
2. सुरक्षित व्यवस्था: पकड़े गए पशुओं को कांजी हाउस अथवा शासन द्वारा अधिकृत गौशालाओं में सुरक्षित रखा जाए।
3. पशुपालकों पर जुर्माना: अपने मवेशियों को सड़कों पर खुला छोड़ने वाले पशुपालकों को चिन्हित कर जुर्माना लगाया जाए। बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए।
4. रेडियम बैंड: रात्रि के समय दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के लिए मवेशियों के गले में रिफ्लेक्टिव/रेडियम बैंड लगाने की व्यवस्था की जाए।
भानु प्रताप यादव ने जनहित और राहगीरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवारा पशुओं की समस्या पर तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर दुर्ग, उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं दुर्ग तथा कार्यपालन अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग खंड/PWD दुर्ग को भी आवश्यक कार्रवाई एवं सूचनार्थ प्रेषित की गई है।