बिजातला, 22/09: मयूरभंज जिले के बिजातला ब्लॉक अंतर्गत चढ़ेईपहाड़ी पंचायत के रेंगालबेड़ा गांव से काशीपाणी गांव को जोड़ने वाली सड़क लंबे समय से जर्जर अवस्था में है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर बारिश के दिनों में सड़क की स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे लोगों का आवागमन लगभग दुश्वार हो जाता है।ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ब्लॉक प्रशासन को कई बार अवगत कराया गया। इसके बावजूद लंबे समय तक सड़क की मरम्मत नहीं होने पर आखिरकार ग्रामीणों ने स्वयं सड़क की मरम्मत करने का निर्णय लिया।गांव के पुरुष, महिलाएं, युवा और बुजुर्ग सभी एकजुट होकर श्रमदान में जुटे और सड़क के गड्ढों को भरकर उसे अस्थायी रूप से आवागमन योग्य बनाया। अपनी बुनियादी सुविधा के लिए ग्रामीणों का यह सामूहिक प्रयास स्थानीय क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।ग्रामीणों का कहना है कि रेंगालबेड़ा और काशीपाणी के बीच संपर्क के लिए यह सड़क बेहद महत्वपूर्ण है। सड़क की खराब स्थिति के कारण मरीजों को अस्पताल ले जाने, गर्भवती महिलाओं के आवागमन तथा छात्र-छात्राओं के आने-जाने में भी काफी परेशानी होती है।ग्रामीणों ने श्रमदान कर सड़क को फिलहाल आवागमन योग्य बना दिया है, लेकिन उनका कहना है कि यह समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क की स्थिति का जायजा लेकर जल्द से जल्द स्थायी रूप से सड़क का निर्माण अथवा मरम्मत कराने की मांग की है।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज की रिपोर्ट।