रायरंगपुर, 22/09 रायरंगपुर के विकास नगर में 24 सितंबर 2026 को यूनिट रन कैंटीन (यूआरसी) का शुभारंभ किया जाएगा। यह कैंटीन सेना के सेवारत एवं सेवानिवृत्त सैन्यकर्मियों, पूर्व सैनिकों तथा उनके परिवार के सदस्यों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्थापित की जा रही है।कैंटीन के उद्घाटन को लेकर पूर्व सैन्य अधिकारी मेजर देवेंद्र नाथ दास, कैप्टन गुरु चरण हेम्ब्रम, फ्लाइंग ऑफिसर जय नारायण बेहरा तथा सूबेदार मेजर प्रशांत कुमार गिरि की ओर से एक पत्रकार सम्मेलन आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपखंड सूचना एवं लोक संपर्क अधिकारी विकास रंजन महांती सहित विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।पत्रकार सम्मेलन में मेजर देवेंद्र नाथ दास ने बताया कि इस कैंटीन के शुरू होने से मयूरभंज एवं क्योंझर जिले के साथ-साथ रायरंगपुर और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले सेवारत एवं पूर्व सैन्यकर्मियों तथा उनके परिवारों को आवश्यक कैंटीन सामग्री प्राप्त करने में काफी सुविधा होगी। इससे उन्हें कैंटीन सामग्री के लिए दूरस्थ स्थानों तक आने-जाने की आवश्यकता भी कम होगी।यह यूनिट रन कैंटीन रायरंगपुर शहर के विकास नगर स्थित स्वजल धारा गृह में संचालित होगी। इसका शुभारंभ 24 सितंबर 2026 को पूर्वाह्न 9 बजे किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में छत्तीसगढ़ एवं ओडिशा सब एरिया के कमांडर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर कैंटीन का उद्घाटन करेंगे।उद्घाटन समारोह में सेना के अधिकारी, पूर्व सैनिक, स्थानीय प्रशासन के अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।रायरंगपुर क्षेत्र में यूनिट रन कैंटीन की शुरुआत को सैन्यकर्मियों एवं पूर्व सैनिकों के कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण सुविधा के रूप में देखा जा रहा है। इससे क्षेत्र के सैन्यकर्मियों और उनके परिवारों को स्थानीय स्तर पर कैंटीन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज।