सोनभद्र। एनसीएल सिंगरौली के सीएसआर सहयोग से जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और जनसुविधाओं से जुड़े 4.27 करोड़ रुपये के विकास कार्य तेजी से शुरू होंगे। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में एनसीएल और संबंधित विभागों के बीच इन परियोजनाओं के लिए एमओयू हस्ताक्षरित किए गए।
परियोजनाओं के तहत रॉबर्ट्सगंज नगर पालिका परिषद क्षेत्र में बढ़ौली चौराहे के पास ओपेन जिम का निर्माण (96.82 लाख रुपये),
दूरदराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए दो एम्बुलेंस (66 लाख रुपये),
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सड़क सुविधा हेतु दो सीमेंट कंक्रीट रोड और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के भवनों का सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्य शामिल है ।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डीपीआर और समन्वय से जुड़ी किसी भी समस्या का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि विकास कार्य निर्धारित समय पर पूरे हो सकें।
इन परियोजनाओं के पूरा होने से जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध होंगी।