14.30 लाख की बरामदगी, एक गिरफ्तार
सोनभद्र।जनपद के अनपरा थाना क्षेत्र में अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 178.92 लीटर शराब और एक कार बरामद की है। कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत 14.30 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चल रहे ‘ऑपरेशन शुद्धि’ के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में थाना अनपरा पुलिस को यह सफलता मिली।
मुखबिर की सूचना पर छापा
थाना अनपरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मध्य प्रदेश की तरफ से एक सफेद रंग की हुंडई क्रेटा (WB02AH8692) में अवैध शराब लाई जाएगी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम मध्य प्रदेश बॉर्डर की तरफ चेकिंग कर रही थी।
ग्राम औड़ी मोड़, टोला दुल्लापाथर के पास सुनसान स्थान पर संदिग्ध कार खड़ी दिखाई दी। पुलिस को देखकर कार में बैठे व्यक्ति ने अपना नाम अजय कुमार सिंह उर्फ झगडू बताया। तलाशी लेने पर कार से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई।
शराब की बोतलों पर MP और चंडीगढ़ के निशान
बरामद शराब में 03 पेटी रॉयल स्टैग 750 एमएल (36 बोतल), 03 पेटी मैकडॉवेल 180 एमएल (144 बोतल) और 14 पेटियों में 336 बोतल रॉयल स्टैग 375 एमएल शामिल थीं। शराब की बोतलों पर “For Sale in Madhya Pradesh Only” और “For Sale in Union Territory Chandigarh Only” अंकित पाया गया।
पुलिस के अनुसार, कुल 20 पेटियों में 178.92 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 2.30 लाख रुपये है। इसके अलावा आरोपी के पास से 12 लाख रुपये कीमत की हुंडई क्रेटा कार और 1,500 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
आरोपी ने किया खुलासा
पूछताछ में आरोपी अजय कुमार सिंह (47 वर्ष) ने बताया कि वह झारखंड के जिला गिरिडीह, थाना जमुआ के गांव कोईलखा का रहने वाला है। उसने भाड़े पर कार लेकर मध्य प्रदेश के सिंगरौली से शराब लोड की थी और बिहार बॉर्डर पर बेचने का इरादा था। उसने बताया कि यह उसका पहला ऐसा कार्य था।
वैधानिक कार्रवाई पूरी
थाना अनपरा पर मु0अ0सं0-196/2026 धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्र0नि0 प्रणय प्रसून श्रीवास्तव, उ0नि0 सच्चिदानंद दास, हे0का0 गुड्डू बिन्द, का0 रमेश और का0 प्रवीण कुमार शामिल रहे ।