सोनभद्र।पिपरी थाना क्षेत्र के रेनुकूट स्थित हिंडाल्को के निजी गेस्ट हाउस में गुरुवार रात वन निगम के डिप्टी लॉगिंग मैनेजर (डीएलएम) सत्यपाल प्रसाद (40) का शव कमरे में पंखे से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पिपरी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मामले की जांच की जा रही है।देवरिया जिले के भरहे चौरा गांव निवासी सत्यपाल प्रसाद मिर्जापुर डिवीजन में डीएलएम पद पर तैनात थे। उनके पास करीब डेढ़ वर्ष से पिपरी डिवीजन का अतिरिक्त प्रभार भी था। वह विभागीय कार्य से रेणुकूट आए थे और चालक अशोक के साथ गेस्ट हाउस में ठहरे थे।बताया गया कि गुरुवार रात करीब 11 बजे सत्यपाल प्रसाद की पत्नी रानी ने चालक अशोक को फोन कर बताया कि पति काफी देर से फोन नहीं उठा रहे हैं। इस पर चालक उनके कमरे में पहुंचा तो दरवाजा खुला मिला। अंदर सत्यपाल प्रसाद गमछे के सहारे पंखे से लटके मिले। चालक ने इसकी सूचना पत्नी, गेस्ट हाउस प्रबंधन और पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया। फोरेंसिक टीम ने भी कमरे की जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के बाद ही चल सकेगा।
सत्यपाल प्रसाद की पत्नी रानी और दो नाबालिग बच्चे मिर्जापुर में रहते हैं।पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।