ग्राम अभिगांव की गौशाला में 20 गोवंश की मौत, गौशाला संचालक और केयरटेकर पर मुकदमा दर्ज।
उसावां/बदायूं। थाना उसावां क्षेत्र के अभिगांव स्थित अस्थायी गौशाला में लगातार हो रही बारिश के दौरान 20 गोवंश की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने गौशाला संचालक प्रियंक कौशिक और केयरटेकर दानवीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम पंचायत अभिगांव के प्रशासक सत्यवीर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की।पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ गोवंश की देखभाल में लापरवाही, सरकारी धन के कथित दुरुपयोग तथा पशु क्रूरता अधिनियम के तहत आरोप लगाए गए हैं। गौशाला का संचालन शारदा सेवा समिति द्वारा एक जनवरी 2026 से किया जा रहा था।शिकायत के मुताबिक, गौशाला में कुल 428 गोवंश थे। इनके भरण-पोषण के लिए प्रति गोवंश प्रतिदिन 50 रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जाती थी। आरोप है कि सरकारी धन का समुचित उपयोग नहीं किया गया तथा गोवंश के लिए पर्याप्त चारा-पानी और आवश्यक देखभाल की व्यवस्था नहीं की गई। लगातार बारिश के दौरान गोवंश को बारिश से बचाने के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने का भी आरोप लगाया गया है।

बताया गया कि 27 सितंबर को गौशाला में 20 गोवंश की मौत हुई। घटना की जानकारी सामने आने के बाद मामले को लेकर विभिन्न हिंदू संगठनों ने मृत गोवंश की संख्या 50 से 60 तक होने का दावा किया था। हालांकि, पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी में 20 गोवंश की मौत का ही उल्लेख किया गया है।
पुलिस ने 28 सितंबर को एफआईआर संख्या 0158 दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अब जांच के दौरान गौशाला में गोवंश की मौत के वास्तविक कारण, चारा-पानी एवं संरक्षण की व्यवस्था तथा सरकारी धन के उपयोग से जुड़े आरोपों की पड़ताल की जाएगी। पुलिस की जांच के बाद ही मामले की स्थिति और अन्य तथ्यों के संबंध में तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।