खेत में खड़ी बाजरे की फसल को ट्रैक्टर से जुतवाकर किया नष्ट,एसएसपी से की शिकायत।
कादरचौक। थाना कादरचौक क्षेत्र के ग्राम गढ़िया गंगवार निवासी राजेश्वरी पत्नी राजेंद्र ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बदायूं को शिकायती पत्र देकर खेत में खड़ी बाजरे की फसल को ट्रैक्टर से जुतवाकर नष्ट करने तथा पुलिसकर्मियों द्वारा कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने की शिकायत की है।
शिकायती पत्र के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को विपक्षी मोरपाल, अमरपाल एवं नन्हे लाल पुत्रगण गोदनलाल निवासी गढ़िया गंगवार कथित रूप से ट्रैक्टर लेकर खेत पर पहुंचे और खड़ी बाजरे की फसल को जुतवा दिया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि विरोध करने पर विपक्षियों ने लाठी-डंडों के बल पर खेत में जबरन सरसों की फसल भी लगा दी।
आरोप है कि शिकायत लेकर भूड़ा भदरौल चौकी पहुंचने के बाद कांस्टेबल बन्टू और आकाश पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने विपक्षियों के साथ मिलकर उसके साथ अनुचित व्यवहार किया तथा कथित रूप से अभद्र एवं आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए धमकी दी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि घटना की मोबाइल वीडियो/ऑडियो रिकॉर्डिंग उसके पास सुरक्षित है।
शिकायतकर्ता ने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच कराने का अनुरोध किया है।
