राजगढ़।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली और निर्वाचन आयोग से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी राजगढ़ ने विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियव्रत सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली तथा निर्वाचन आयोग से जुड़े उठाए जा रहे सवालों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची, विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR, निर्वाचन संबंधी आंकड़ों और सूचनाओं की उपलब्धता सहित कई मुद्दों पर पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग रखी।
कांग्रेस का कहना है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता बेहद महत्वपूर्ण है। ज्ञापन में मांग की गई कि चुनाव प्रक्रिया से संबंधित शिकायतों और सवालों की तथ्यात्मक जांच कर स्थिति स्पष्ट की जाए।
कांग्रेस ने यह भी मांग रखी कि जांच में यदि किसी प्रकार की संवैधानिक, वैधानिक अथवा प्रक्रियागत अनियमितता प्रमाणित होती है, तो संबंधित प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही, यदि पद से हटाए जाने योग्य कोई संवैधानिक आधार स्थापित होता है तो अनुच्छेद 324(5) में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला भी जलाया और विरोध दर्ज कराया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियव्रत सिंह ने कहा कि निर्वाचन संस्थाओं के प्रति जनता का विश्वास बनाए रखना आवश्यक है और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े किसी भी सवाल का समाधान पारदर्शी, निष्पक्ष एवं संवैधानिक प्रक्रिया के माध्यम से होना चाहिए।
कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति से पूरे मामले का संज्ञान लेकर संविधान एवं कानून के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया है।
जिला – राजगढ़ (म.प्र.)
रिपोर्टर – नयन